गुना मंडी में अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान, किराया जमा न होने से नाराज व्यापारियों का फैसला
8 जून से डाक नीलामी ठप करने की चेतावनी
गुना । कृषि उपज मंडी नानाखेड़ी में आगामी 8 जून से व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह ठप हो सकती हैं। मंडी परिसर में स्थित गोदामों और प्लॉटों का किराया जमा न होने से नाराज संयुक्त गल्ला व्यापार संघ, अनाज तिलहन व्यापारी संघ और ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन ने आगामी 8 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का कड़ा फैसला लिया है। इस संबंध में व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि मंडी प्रशासन ने उनकी मांगें पूरी नहीं कीं, तो समस्त व्यापारी सामूहिक रूप से डाक नीलामी प्रक्रिया से बाहर रहेंगे। व्यापारियों ने बताया कि मंडी परिसर के भीतर स्थित किराया गोदाम, लीज गोदाम और शॉप-कम-गोदाम का किराया पिछले काफी समय से मंडी समिति द्वारा जमा नहीं किया जा रहा है। किराया जमा न होने की स्थिति में इस राशि पर लगातार ब्याज बढऩे का खतरा मंडरा रहा है, जिससे व्यापारियों के हर वर्ष के आय-व्यय (जमा-खर्च) का मिलान और ऑडिट प्रभावित हो रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर व्यापारी संघ द्वारा मंडी सचिव से कई बार मौखिक चर्चा की गई और विगत 20 मई 26 को लिखित पत्र देकर भी आग्रह किया गया था, लेकिन इसके बावजूद मंडी प्रशासन ने किराया जमा करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। अल्टीमेटम के अनुसार, सभी एसोसिएशन के व्यापारियों ने निर्णय लिया है कि मंडी समिति को 5 जून 26 तक किराया जमा करने का अंतिम समय दिया जाए। यदि इस समय सीमा के भीतर किराया जमा नहीं किया जाता है, तो सोमवार, 8 जून से सभी व्यापारी अनिश्चित काल के लिए मंडी की डाक नीलामी में भाग नहीं लेंगे। गल्ला व्यापारी संघ के मनोज गोयल, आशीष जैन, चैन सिंह किरार, महेश अग्रवाल, प्रकाश साहू, विनोद खंडेलवाल और अन्य प्रमुख व्यापारियों ने स्पष्ट किया है कि 8 जून से होने वाली इस अनिश्चितकालीन हड़ताल और उससे उत्पन्न होने वाली व्यवस्थागत परेशानियों व किसानों की असुविधा के लिए पूरी तरह से मंडी समिति जिम्मेदार रहेगी।


राशिफल 24 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना बनी आर्थिक संबल
बाल श्रम पर जीरो टॉलरेंस, हर मुक्त बच्चे के पुनर्वास पर होगा विशेष फोकस
महिला एशियन चैंपियनशिप की तैयारियों को लेकर मंत्री सारंग नाथुबरखेड़ा अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का किया निरीक्षण
समान नागरिक संहिता को व्यापक जनसमर्थन