-मिलिंद मजूमदार 

इंदौर| 10 दिनों तक इंदौर में ही कैंप करेंगे सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी की अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक नवंबर में इंदौर में होगी। इस बैठक को संघ की दिवाली बैठक कहा जाता है। दिवाली बैठक में भाग लेने के लिए संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत करीब 10 दिनों तक इंदौर में कैंप करेंगे। उनके अलावा संघ के लगभग 150 शीर्ष पदाधिकारी इसमें हिस्सा लेंगे।इसी वर्ष अक्टूबर के विजयदशमी के दिन संघ के शताब्दी समारोहों का समापन होगा। इंदौर की बैठक में शताब्दी समारोह कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। इसी के साथ संगठन के विस्तार और अनुषांगिक संगठनों के कामकाज की भी समीक्षा की जाएगी।यह बैठक तीन दिन चलेगी, लेकिन इसके लिए डॉ. मोहन भागवत करीब 10 दिनों तक इंदौर में रहेंगे। जाहिर है, इस दौरान वे विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा करेंगे।सूत्रों के अनुसार, औपचारिक बैठक में तो राजनीति पर कोई चर्चा नहीं होगी, लेकिन संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले की मौजूदगी में प्रदेश भाजपा के संगठन और सरकार के कामकाज की अनौपचारिक समीक्षा की जा सकती है।इसके अलावा, संघ का शीर्ष नेतृत्व 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा के विधानसभा चुनावों के संदर्भ में भाजपा नेताओं से चर्चा कर सकता है।भाजपा लंबे समय से प्रदेश भाजपा संगठन महामंत्री और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री पद के लिए संघ से प्रचारक मांग रही है। दिवाली बैठक में इस संबंध में भी चर्चा हो सकती है।