विश्व की सबसे तेजी से बढ़ रही एआई कंपनी के फाउंडर मुकुंद झा बोले — अब केवल बोलकर भी बनाया जा सकेगा ऐप और वेबसाइट

मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) के अध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश क्रिकेट लीग (एमपीएल) के संस्थापक महानआर्यमन सिंधिया ने आज इंदौर में एमपीएल फाइनल्स से पूर्व एक विशेष प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश और देश के क्रिकेट प्रशासन में तकनीक आधारित बदलाव की दिशा साझा की। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश क्रिकेट एक बड़े परिवर्तन की ओर अग्रसर है और क्रिकेट व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, समान एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से एमपीसीए ने एआई आधारित तकनीकी समाधान विकसित करने के लिए EmergentAI के साथ साझेदारी की है। इस साझेदारी के तहत एक विश्वस्तरीय एआई सिस्टम विकसित किया जा रहा है, जो मध्य प्रदेश क्रिकेट के संचालन, प्रशासन और निर्णय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाएगा।

महानआर्यमन सिंधिया ने कहा कि हमारा उद्देश्य जिला एवं संभागीय इकाइयों के साथ एक पारदर्शी और भरोसेमंद तंत्र स्थापित करना है। एआई के उपयोग से यह प्रक्रिया और अधिक निष्पक्ष एवं व्यवस्थित होगी। उन्होंने बताया कि एमपीएल–एमपीसीए के फाइनेंस मॉड्यूल, प्लेयर रजिस्ट्रेशन, वेरिफिकेशन और खिलाड़ी रिकॉर्ड प्रबंधन को एआई आधारित बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन खिलाड़ियों द्वारा चयन प्रक्रिया में पक्षपात की आशंका व्यक्त की जाती रही है, उनके लिए एआई आधारित डेटा और प्रदर्शन विश्लेषण अधिक पारदर्शिता लाएगा। एआई खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर संभावित खिलाड़ियों की सिफारिश करेगा, जबकि अंतिम चयन प्रक्रिया चयनकर्ताओं के पास ही रहेगी। इसके अतिरिक्त जिला एवं संभागीय स्तर पर ग्रांट वितरण की प्रक्रिया को भी डिजिटल और व्यवस्थित किया जाएगा। इस अवसर पर EmergentAI के संस्थापक मुकुंद झा ने कहा कि उनकी कंपनी तकनीक को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अब केवल प्रॉम्प्ट लिखकर या हिंदी-अंग्रेजी में बोलकर भी वेबसाइट और ऐप बनाए जा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि एमपीएल के साथ उनकी साझेदारी पिछले छह महीनों से चल रही है। महानआर्यमन सिंधिया का उद्देश्य एक ऐसा एआई सिस्टम विकसित करना था जो पूरे क्रिकेट इकोसिस्टम का ऑपरेटिंग सिस्टम बन सके। वर्तमान में फाइनेंस और प्रशासनिक मॉड्यूल पर कार्य किया जा रहा है तथा चयन, ग्रांट और अन्य प्रक्रियाओं को डिजिटल स्वरूप दिया जा रहा है। महानआर्यमन सिंधिया ने कहा कि इमर्जेंट एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जिसमें ऐप या वेबसाइट बनाने के लिए पारंपरिक डेवलपमेंट प्रक्रिया पर निर्भर रहने की आवश्यकता कम हो जाती है। उन्होंने कहा कि जिस ईआरपी सिस्टम को विकसित करने की योजना बनाई जा रही है, उसे पारंपरिक मॉडल से विकसित करने में बड़ी लागत आ सकती थी, जबकि एआई आधारित समाधान इस प्रक्रिया को अधिक तेज और किफायती बना रहा है।

मध्य प्रदेश क्रिकेट से उभर रहे नए सितारे

एमपीएल फाइनल्स के अवसर पर महानआर्यमन सिंधिया ने कहा कि लीग के माध्यम से हर वर्ष नए खिलाड़ियों को पहचान मिल रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी प्लेयर डेवलपमेंट प्रोग्राम के जरिए कई प्रतिभाएं सामने आई हैं। उन्होंने विशेष रूप से देवेंद्र सिंह कठैत का उल्लेख करते हुए कहा कि 37 वर्ष की आयु में भी उन्होंने इस कार्यक्रम के माध्यम से आगे आकर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।