राजनांदगांव में करोड़ों की धोखाधड़ी का मामला, भाजपा नेता समेत 3 आरोपी नामजद
राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में भू-खंड की बिक्री के नाम पर 2 करोड़ 5 लाख रुपये की जालसाजी का गंभीर मामला उजागर हुआ है। लालबाग थाना पुलिस ने शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद तीन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। आरोप है कि जमीन का सौदा तय होने के बाद आरोपियों ने महज 23 लाख रुपये की आंशिक राशि का भुगतान किया और शेष 1 करोड़ 61 लाख रुपये हड़प लिए।
चंदाबाई खरे की शिकायत पर सामने आई करोड़ों की जालसाजी
ग्राम पेण्ड्री निवासी पीड़िता चंदाबाई खरे ने पुलिस प्रशासन को सौंपे आवेदन में बताया कि उनकी पेण्ड्री स्थित 0.48 एकड़ भूमि (खसरा क्रमांक 548/6) का कुल सौदा 2 करोड़ 5 लाख रुपये में तय हुआ था। खरीददारों ने शुरुआत में 23 लाख रुपये का भुगतान किया, परंतु बकाया 1 करोड़ 61 लाख रुपये देने से मुकर गए। जब पीड़िता ने अपने बकाया पैसों की मांग की, तो आरोपियों ने गाली-गलौज और विवाद करना शुरू कर दिया।
बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज, जांच में सामने आए नाम
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के दिशा-निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) वैशाली जैन ने मामले की विस्तृत जांच की। आरोप सिद्ध होने पर थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 391/2026, धारा 318(4) और 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जिन तीन नामजद अभियुक्तों के खिलाफ केस दर्ज किया है, उनमें:
-
प्रवीण झलके
-
प्रभात जैन
-
लाला यादव (भाजपा नेता एवं पूर्व महापौर मधुसूदन यादव के भ्राता)
वित्तीय लेन-देन व दस्तावेजों की गहन जांच जारी
मामले की विस्तृत विवेचना लालबाग थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल द्वारा की जा रही है। पुलिस टीम भूमि की रजिस्ट्री, सौदे के एग्रीमेंट और बैंक खातों के लेन-देन से जुड़े अभिलेखों को खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर धोखाधड़ी की पुष्टि हुई है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कदम उठाए जाएंगे।


सुप्रीम कोर्ट ने लिया नाबालिग लड़की की सुरक्षा का संज्ञान, कहा- मामले को गंभीरता से लें
अंतरिक्ष सम्मेलन में गूंजा PM मोदी का संदेश, बोले- संघर्ष नहीं सहयोग से आगे बढ़ेगी दुनिया
सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर, भोपाल में 15 करोड़ की जमीन कराई अतिक्रमण मुक्त
युवती की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, किराए के घर से शव बरामद; तीन दिन बाद प्रेमी गिरफ्तार