दिल्ली की बल्लेबाजी बनाम गुजरात की मजबूत गेंदबाजी दिलचस्प
आईपीएल 2026 के 14वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) का सामना बुधवार को अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (जीटी) से होगा। अक्षर पटेल की कप्तानी में डीसी जीत की हैट्रिक लगाने के इरादे से इस मुकाबले में उतरेगी। वहीं, जीटी को इस सीजन की पहली जीत की तलाश होगी।
रिजवी ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से बल्लेबाजी में समीर रिजवी का प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने लगातार दो मुकाबलों में नाबाद अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई है। पथुम निसांका ने भी पिछले मुकाबले में 30 गेंदों पर 44 रनों की अहम पारी खेली थी। हालांकि, केएल राहुल और नीतीश राणा की फॉर्म जरूर डीसी के लिए चिंता करने वाली बात रही है। राहुल दो मुकाबलों में सिर्फ एक रन ही बना सके हैं।
वहीं, गेंदबाजी में मुकेश कुमार और लुंगी एनगिडी की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया है। मुकेश ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ आखिरी मुकाबले में 26 रन देकर दो विकेट चटकाए थे। टी नटराजन ने तीन ओवर में 24 रन देकर एक विकेट निकाला था। अक्षर पटेल और कुलदीप यादव की स्पिन जोड़ी भी शुरुआती दो मुकाबलों में उम्मीदों पर खरी उतरी है।
शुभमन गिल आज कर सकते हैं वापसी
दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस को आईपीएल 2026 के शुरुआती दोनों ही मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आखिरी मुकाबले में 210 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम 204 रन ही बना पाई थी। बल्लेबाजी में साई सुदर्शन कमाल की लय में नजर आए हैं। हालांकि, सुदर्शन को दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका है।
शुभमन गिल पूरी तरह से फिट न होने के कारण आखिरी मुकाबले में नहीं खेले थे। हालांकि, इस मैच में उनकी प्लेइंग इलेवन में वापसी होना लगभग तय माना जा रहा है। जोस बटलर, ग्लेन फिलिप्स, वॉशिंगटन सुंदर, राहुल तेवतिया और शाहरुख खान उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। गेंदबाजी में भी सिराज और रबाडा की जोड़ी ने काफी रन खर्च किए हैं। वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा भी लाइन एंड लेंथ से भटके दिखाई दिए हैं। राशिद खान भी अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके हैं।
कैसी है अरुण जेटली स्टेडियम की पिच?
अरुण जेटली स्टेडियम की पिच को बल्लेबाजी के मुफीद मानी जाती है। छोटी बाउंड्री होने की वजह से यहां पर खूब चौके-छक्के लगते हैं। हालांकि, इस ग्राउंड पर स्पिनर्स को भी मदद मिलती है। गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल में अब तक कुल सात मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से चार मैच जीटी ने जीते हैं। वहीं, तीन मुकाबलों में डीसी ने जीत दर्ज की है।
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को दिल्ली में दिन के समय में बारिश होने की आशंका है। हालांकि, मैच के दौरान बारिश होने के चांस कम हैं, लेकिन काले बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
दिल्ली कैपिटल्स: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नीतीश राणा, समीर रिजवी, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), विपराज निगम, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन।
इम्पैक्ट प्लेयर: मुकेश कुमार
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, वॉशिंगटन सुंदर, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा/जेसन होल्डर, अशोक शर्मा, मोहम्मद सिराज।
इम्पैक्ट प्लेयर: प्रसिद्ध कृष्णा
हम यहां आपको दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच आईपीएल 2026 के मैच की लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ी जानकारी दे रहे हैं...
दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच आईपीएल 2026 का मैच कब खेला जाएगा?
दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच आईपीएल 2026 का मैच आठ अप्रैल यानी बुधवार को खेला जाएगा।
दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच आईपीएल 2026 का मैच कहां खेला जाएगा?
दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच आईपीएल 2026 का मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा।
दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच आईपीएल 2026 का मैच कितने बजे से खेला जाएगा?
दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच आईपीएल 2026 का मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम 7:00 बजे होगा।
दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच आईपीएल 2026 का मैच कहां देख पाएंगे?
आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स के पास है और दर्शक इसके मुकाबले स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देख सकेंगे। इसके अलावा मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार एप पर होगी।


राशिफल 9 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
कांस्टेबल रेवती की बहादुरी से 9 पुलिसकर्मियों को मौत की सजा, हिरासत में हुई थी बाप-बेटे की हत्या
केरल विधानसभा चुनाव: तैयारियां पूरी, कल होंगे मतदान
भारतीय रेलवे अपडेट: नागपुर मंडल में काम, भोपाल रूट की 3 जोड़ी ट्रेनें प्रभावित