
सिटी टुडे। राजस्थान की सरदारशहर विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी की राह आसान नहीं दिखाई दे रही है। वसुंधरा कैंप ने चुनाव से दूरी बना ली है। स्टार प्रचारकों की सूची जारी हुए एक सप्ताह से अधिक का समय हो गया है, लेकिन पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने फिलहाल प्रचार से दूरी बनाए हुए है। उपचुनाव के लिए मतदान पांच दिसंबर को होना है और मतगणना आठ दिसंबर को होगी। कुल 11 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। कांग्रेस ने दिवंगत विधायक भंवरलाल शर्मा के बेटे अनिल शर्मा को प्रत्याशी बनाया है। जबकि बीजेपी ने अशोक कुमार पिंचा पर दांव खेला है।
वसुंधरा राजे चुनाव से पूरी तरह से दूर
बीजेपी ने सरदारशहर उपचुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की थी। जिन पर बीजेपी प्रत्याशी अशोक कुमार पिंचा के पक्ष में चुनाव प्रचार करने की जिम्मेदारी थी, लेकिन 40 में से 30 प्रचारक प्रचार से दूरी बनाए हुए है। इसमे पूर्व सीएम वसुंधरा राजे की दूरी केंद्र में है। लेकिन राजे पूरी तरह से चुनाव से दूर है। यहीं नहीं राजे कैंप के माने जाने वाले नेताओं ने भी प्रचार से दूरी बना रखी है। सरदारशहर में चुनाव प्रचार थमने के लिए महज एक सप्ताह बचा हुआ है। उप चुनाव की कमान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने संभाल रखी है। सतीश पूनिया और पार्टी प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह चुनाव प्रचार कर रहे हैं। जबकि वसुंधरा कैंप के माने जाने वाले नेता पूरी तरह से प्रचार अभियान से गायब है।
बीजेपी में गुटबाजी चरम पर
बता दें राजस्था बीजेपी में गुटबाजी चरम पर है। सतीश पूनिया गुट के माने जाने वाले नेता लगातार इशारों में वसुंधरा राजे पर निशाना साध रहे हैं। हाल ही में नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने इशारों में ही वसुंधरा राजे कैंप के नेताओं को अलग रास्ता चुनने के लिए कह दिया था। कटारिया ने कहा- जिनके दिमाग में कुछ चल रहा है। वह अपना रास्ता देख लें। हालांकि कटारिया ने किसी का नाम नहीं लिया है, लेकिन इशार वसुंधरा कैंप के नेताओं की तरफ ही माना जा रहा है। सरदारशहर में कुल 2,89,843 मतदाता है। विधानसभा क्षेत्र में पुरुष मतदाताओं की संख्या 1,52,766 और महिला मतदाताओं की संख्या 1,37,077 है।