May 2, 2025

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 21 दिसंबर को हरियाणा में प्रवेश कर रही है। इस यात्रा को लेकर कांग्रेस पार्टी ने 22 जिला कोआर्डिनेटर नियुक्त किए है। हिसार में कांग्रेस ने करीब 4 महीने पहले पार्टी में शामिल हुए प्रोफेसर संपत सिंह को जिम्मेदारी दी है।

प्रोफेसर संपत सिंह अगस्त महीने में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। संपत सिंह को हुड्‌डा खेमे का माना जाता है। ऐसे में आदमपुर उप चुनाव के बाद पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने प्रोफेसर संपत सिंह को भारत जोड़ो यात्रा का जिला कोआर्डिनेटर बनाकर उनको खासी अहमियत दी थी। हालांकि आदमपुर उप चुनाव में कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ने वाले जयप्रकाश जेपी को स्टेट लेवल 14 कमेटियों में जगह नहीं मिली।

आदमपुर उप चुनाव के वक्त संपत लौटे

हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री संपत सिंह, तत्कालीन कांग्रेसी नेता कुलदीप बिश्नोई के अगस्त महीने में पार्टी छोड़ने पर दोबारा पार्टी में शामिल हुए। संपत सिंह विधानसभा चुनाव 2019 में नलवा से टिकट कटने पर कांग्रेस को अलविदा कह गए थे और भाजपा में शामिल हो गए थे। परंतु कुलदीप बिश्नोई कांग्रेस छोड़ भाजपा में आए तो वे वापस कांग्रेस में चले गए।

हुड्‌डा दे रहे दोनों को बराबर तवज्जो

आदमपुर उप चुनाव में जब संपत सिंह कांग्रेस में शामिल हुए तो उनके चुनाव लड़ने की चर्चा जोरों पर थी। परंतु उन्होंने इस दावे को खारिज कर दिया और चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया। इसके बाद जयप्रकाश चुनावी मैदान में उतरे। जयप्रकाश और सपंत सिंह के बीच राजनीतिक मतभेद रहे हैं। ऐसे में दीपेंद्र हुड्‌डा ने अपनी गौरव यात्रा में दोनों को बराबर रखा। इतना ही नहीं हुड्‌डा ने पूर्व मंत्री संपत सिंह को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का जिला कोआर्डिनेटर बनाकर उन्हें तवज्जो दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *