May 4, 2025

गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के गढ़ में कांग्रेस ने सेंध लगा दी। रविवार काे दतिया के कद्दावर भाजपा नेता और पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री अवधेश नायक कांग्रेस में शामिल हो गए। अवधेश नायक संघ से जुड़े रहे है और दतिया से ही नरोत्तम मिश्रा के विरुद्ध उमा भारती की भारतीय जनशक्ति पार्टी से चुनाव लड़ चुके हैं।

अवधेश नायक पीसीसी दफ्तर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। लंबे समय से उनके कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें चल रही थीं। इन्ही अटकलों के बाजार में कट्टर सिंधिया समर्थक इमरती देवी का नाम भी चर्चाओं में है।

इमरती देवी के कांग्रेस जॉइन करने की अटकलों पर जब पत्रकारों ने MP कांग्रेस के चीफ कमलनाथ से पूछा तो उन्होंने कहा, हमारा सिद्धांत है हम शिवराज सिंह का भी स्वागत करेंगे अगर वे हमारे सिद्धांत मान लें और कार्यकर्ता उन्हें स्वीकार कर लें।

नरोत्तम के खिलाफ चुनाव लड़ चुके नायक

2008 में विधानसभा क्षेत्रों का परिसीमन होने के बाद डबरा से तत्कालीन विधायक डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दतिया से BJP के टिकट पर चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में नरोत्तम के खिलाफ अवधेश नायक ने पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की भारतीय जनशक्ति पार्टी (BJSP) से चुनाव लड़ा था। नरोत्तम मिश्रा ने 11,233 वोट के मार्जिन से जीत दर्ज की थी।

इस चुनाव में नरोत्तम मिश्रा को 34,489 वोट मिले थे। दूसरे नंबर पर रहे बसपा प्रत्याशी राजेन्द्र भारती को 23,256 वोट, तीसरे नंबर पर रहे कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह को 19,209 वोट और चौथे नंबर पर रहे अवधेश नायक को 13,830 वोट मिले थे।

2016 में मिला राज्यमंत्री का दर्जा

दतिया से चुनाव हारने के बाद अवधेश नायक ने फिर BJP में वापसी की। 2013 और 2018 के चुनाव में टिकट की दावेदारी की। 2016 में उन्हें मप्र पाठ्यपुस्तक निगम का उपाध्यक्ष बनाकर राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया था। इसके बाद से ऐसा लग रहा था कि अब नरोत्तम और नायक के बीच सुलह हो गई है। नायक, नरोत्तम के खिलाफ चुनाव नहीं लडेंगे। लेकिन, अब BJP में टिकट की उम्मीद टूटने के बाद अवधेश नायक ने रविवार को कांग्रेस की सदस्यता ले ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *