
सिटी टुडे, ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी का व्यक्तित्व विराट था। उन्होंने विकास के लिए समग्र दृष्टिकोण अपनाया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांव-गांव तक पक्की सड़कें बनवाई गईं। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्यप्रदेश की धरती पर देश की पहली नदी जोड़ो परियोजना का भूमि-पूजन कर स्व. वाजपेयी के स्वप्न को साकार किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को ग्वालियर में आयोजित ग्वालियर गौरव दिवस समारोह’ को संबोधित कर रहे थे। ग्वालियर गौरव दिवस स्व. वाजपेयी की 100वीं जयंती पर आयोजित किया गया।
अटल जी की जन्म जयंती पर राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में भव्यता के साथ आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शिक्षा, साहित्य, खेल, समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण, बालिका सशक्तिकरण व समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहीं ग्वालियर की 8 विभूतियों को इस अवसर पर ग्वालियर गौरव सम्मान से विभूषित किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, खजुराहो सांसद वी डी शर्मा, कार्यक्रम में हितानंद शर्मा, सांसद भारत सिंह, पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया, पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर, विधायक मोहन सिंह राठौर, नगर निगम सभापति मनोज तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष शहर अभय चौधरी व ग्रामीण कौशल शर्मा और अन्य जन प्रतिनिधि उपस्थित थे। प्रारंभ में कलेक्टर ग्वालियर ने ग्वालियर गौरव दिवस की रूपरेखा की जानकारी दी।

स्व. वाजपेयी की स्मृतियों को संजोएंगे, समिति बनेगी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्व. वाजपेयी जी की स्मृतियां सिर्फ ग्वालियर से ही नहीं जुड़ी हैं। अटल बिहारी वाजपेयी ने बड़नगर में प्रारंभिक स्कूली शिक्षा प्राप्त की थी। अटल स्मारक के अलावा प्रदेश में स्व. वाजपेयी के जीवन से जुड़े अन्य स्थानों पर उनसे जुड़ी स्मृतियों को संजोने एक समिति गठित की जाएगी।
समाधान निकालने वाले कुशल नेता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्व. वाजपेयी ने युवा अवस्था में ही एक जनप्रतिनिधि के तौर पर अपने व्यक्तित्व से सभी को चमत्कृत कर दिया था। वे शब्दों के जादूगर थे। हिन्दी के बड़े प्रचारक थे। उन्होंने जय विज्ञान का नारा भी दिया। शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों को स्कूल चलें हम अभियान के माध्यम से प्रेरित किया। वे कठिनाईयों के बीच समस्याओं के समाधान का मार्ग निकालते थे जो एक कुशल नेता का कार्य होता है।
स्व. वाजपेयी जी असाधारण प्रतिभा के धनी थे, अनेक भूमिकाएं निभाईं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह स्व. वाजपेयी की असाधारण प्रतिभा का ही प्रमाण था जो उन्हें देश के पहले प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू जैसे व्यक्ति अन्य राष्ट्रों में जाने वाले प्रतिनिधि मंडल में शामिल कर दायित्व सौंपते थे। पूर्व पीएम स्व. वाजपेयी ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़कर सेवा का मार्ग अपनाया था। उन्होंने अनेक भूमिकाओं का निर्वहन किया। इनमें कवि, सम्पादक, समाजसेवी आदि शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्व. वाजपेयी ने परमाणु विस्फोटों के माध्यम से राष्ट्र की शक्ति के प्रदर्शन और राष्ट्र के नागरिकों का मनोबल बढ़ाया। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम जैसे राष्ट्रभक्त वैज्ञानिक को महत्वपूर्ण भूमिका में लेकर आए। वे ऐसे फैसले लेते थे जो उनकी एक कविता “पत्थर की छाती में उग आया नवांकुर….” को चरितार्थ करते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नदी जोड़ो परियोजना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की कल्पना थी। प्रधानमंत्री मोदी ने बुंदेलखण्ड अंचल की तस्वीर बदलने वाली केन -बेतवा परियोजना की मंजूरी दी और आज ही खजुराहो में भूमिपूजन सम्पन्न हुआ है। पानी की उपलब्धता मनुष्य का जीवन बदल देती है। परियोजना की बाधाएं दूर हुई हैं पार्वती- कालीसिंध -चंबल नदी जोड़ो परियोजना भी चंबल और मालवा अंचल में विकास की रफ्तार को बढ़ा देगी।
गौरव दिवस स्व. वाजपेयी जी को समर्पित है
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि ग्वालियर गौरव दिवस स्व. वाजपेयी जी को समर्पित है। सम्मानित होने वाली विभूतियां सौभाग्यशाली हैं। ग्वालियर की यह पावन धरा तपोभूमि है। यह तानसेन की जन्म स्थली है। इसके साथ ही स्व. वाजपेयी की जीवन यात्रा में ग्वालियर महत्वपूर्ण है। स्व. वाजपेयी ने ने देश और ग्वालियर को गौरवान्वित किया है। वे सदैव ग्वालियर को प्रतिष्ठित करते रहे। वे ग्वालियर के लिए अपने थे और अपने रहेंगे। वे बहुत सरल व्यक्ति थे और उनकी ऊंचाई हिमालय जैसी थी। उनकी तुलना किसी से नहीं की जा सकती, वे अद्भुत व्यक्ति थे। वे प्रधानमंत्री थे इसलिए वे बड़े व्यक्ति नहीं थे बल्कि वे बड़े थे इसलिए प्रधानमंत्री थे। वे दूरदृष्टा थे। उन्होंने कई गांवों को सड़कों से जोड़ा। हाईवे बनाने की शुरूआत स्व. वाजपेयी के शासन काल में हुई।
सांसद वीडी शर्मा ने कहा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी दुनिया के लोकप्रिय नेता थे। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र संघ में भारतीय दल का नेतृत्व किया। वे देश के सर्वमान्य नेता थे। वे विपक्ष में रहकर भी विदेश जाते थे। उन्होंने सुशासन पर कार्य किया।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने स्वागत उदबोधन दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी का जीवन हम सबके लिये प्रेरणास्त्रोत है। उनके द्वारा दिखाई गई सुशासन की राह हम सबको मानव सेवा के लिये प्रेरित करती है।
इन विभूतियों का हुआ सम्मान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर गौरव दिवस में गायन प्रस्तुति के लिए आए प्रख्यात गायक सुरेश वाडेकर, साहित्य क्षेत्र से जगदीश तोमर, खेल क्षेत्र से करिश्मा यादव , योग क्षेत्र से अखिलेश पचौरी, चिकित्सा सेवा क्षेत्र से डॉ. एसएन आयंगर, शिक्षा और पर्यावरण क्षेत्र से पद्मश्री संत बाबा सेवा सिंह, समाजसेवा क्षेत्र से विकास गोस्वामी, लेखन और कला संस्कृति क्षेत्र से केशव पांडे, शोध और अकादमिक क्षेत्र से सुश्री आद्या दीक्षित को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समस्त प्रतिभाओं को बधाई दी।
अटल जी के जीवन पर केन्द्रित प्रदर्शनी का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर गौरव दिवस के अवसर पर कृषि विश्वविद्यालय परिसर में पद्मश्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी के जीवन पर केन्द्रित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया । इस फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी के जीवन के विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित किया गया था।
ग्वालियर की 8 विभूतियों को प्रदान किया ग्वालियर गौरव सम्मान ,ख्यात सुगम संगीत गायक सुरेश वाडकर भी सम्मानित
विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहीं ग्वालियर की 8 विभूतियों को ग्वालियर गौरव सम्मान से अलंकृत किया गया। इनमें साहित्यकार एवं शिक्षाविद् जगदीश तोमर, अंतर्राष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी सुश्री करिश्मा यादव, योग गुरू अखिलेश पचौरी, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस एन अयंगर, पर्यावरण संरक्षक पद्मश्री बाबा सेवा सिंह, निराश्रित एवं असहाय लोगों की सेवा में जुटी स्वर्ग आश्रम संस्था, अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक खेल व सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन का काम कर रही उद्भव स्पोर्ट्स एण्ड कल्चर एसोसिएशन एवं बालिका सशक्तिकरण की सशक्त हस्ताक्षर ग्वालियर की प्रतिभावान बालिका सुश्री आद्या दीक्षित शामिल हैं।
CM डॉ. यादव ने भी सुने सुरेश वाडकर के भजन व गीत
कृषि विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित हुए भव्य ग्वालियर गौरव दिवस समारोह में देश के सुविख्यात सुगम संगीत व सिने गायक के भजन व गीतों की प्रस्तुति भी हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भी उनके द्वारा प्रस्तुत भजन सुने। उन्होंने खासतौर पर सुरेश वाडकर द्वारा प्रस्तुत प्रसिद्ध भजन “पायो जी मैंने राम रतन धन पायो” व गुलजार द्वारा रचित गीत “ए जिंदगी गले लगा ले” का श्रवण किया और इसकी सराहना की। सुरेश वाडकर ने इस अवसर पर अटलजी की पसंदीदा गजल सहित एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर समा बांध दिया।